Headlines

सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि ने की 148 युवतियों की बीपीएससी चयन में मदद

पटना, दिनांक 23 जून 2026 : महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार सरकार द्वारा मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के अंतर्गत संचालित “सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि योजना” महिलाओं को सिविल सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने हेतु प्रभावी मंच प्रदान कर रही है। इस योजना का सकारात्मक परिणाम 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में देखने को मिला है, जहाँ योजना से लाभान्वित 148 महिला अभ्यर्थियों ने अंतिम रूप से सफलता प्राप्त की है।

राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2021 से संचालित इस योजना के तहत सामान्य वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) एवं पिछड़ा वर्ग की महिला अभ्यर्थियों को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) तथा बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने पर मुख्य परीक्षा एवं साक्षात्कार की तैयारी हेतु एकमुश्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। UPSC प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली महिला अभ्यर्थियों को ₹1,00,000 तथा BPSC प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली महिला अभ्यर्थियों को ₹50,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।

वर्ष 2024 में बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली महिला अभ्यर्थियों से प्राप्त आवेदनों की जांचोपरांत कुल 1,914 महिला अभ्यर्थियों को योजना का लाभ प्रदान किया गया। इन अभ्यर्थियों को कुल ₹9 करोड़ 57 लाख की प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया गया।

उल्लेखनीय है कि योजना से लाभान्वित इन 1,914 महिला अभ्यर्थियों में से 148 महिला अभ्यर्थियों का 70वीं BPSC परीक्षा में अंतिम रूप से चयन हुआ है। यह उपलब्धि न केवल योजना की प्रभावशीलता को दर्शाती है, बल्कि राज्य की अन्य महिला अभ्यर्थियों को भी सिविल सेवा परीक्षाओं में भागीदारी के लिए प्रेरित करती है।

महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार राज्य की महिलाओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *