Headlines

गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर द्रोण एकेडमी में हुआ अनोखा आयोजन

(दरभंगा से सीतेश चौधरी)

दरभंगा जिला के केवटी प्रखंड अंतर्गत पिण्डारूच गांव में सामाजिक संस्था मेधा कुञ्ज के तत्वावधान में संचालित द्रोण एकेडमी में गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर अनोखे और रचनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद विद्यार्थियों के बीच सत्य, अहिंसा, कृतज्ञता और आत्ममंथन जैसे मूल्यों को केंद्र में रखकर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सबसे पहले ‘सत्य की दीवार’ प्रतियोगिता हुई, जिसमें 20 बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने बोर्ड पर अपनी ऐसी गलतियां लिखीं, जिन्हें उन्होंने पहले किसी से साझा नहीं किया था। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की शपथ ली। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को महात्मा गांधी के सत्य और आत्मशुद्धि के विचारों को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर मिला। इसके बाद ‘थैंक यू कार्ड’ प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें 17 बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने स्वयं कार्ड तैयार कर विद्यालय के अशैक्षणिक कर्मचारियों को भेंट किए और उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात ‘अहिंसा के पत्थर’ प्रतियोगिता में 15 बच्चों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने साधारण पत्थरों को विभिन्न रंगों से आकर्षक रूप देकर पेपरवेट तैयार किए और उन्हें विद्यालय के शिक्षकों को उपहारस्वरूप प्रदान किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों ने रचनात्मकता के साथ-साथ सम्मान, कृतज्ञता और अहिंसा जैसे जीवन-मूल्यों को भी समझा।

प्रतियोगिताओं के परिणाम में ‘थैंक यू कार्ड’ प्रतियोगिता में अन्नू कुमारी विजेता रहीं, जबकि ‘अहिंसा के पत्थर’ प्रतियोगिता में राखी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों प्रतियोगिताओं में कृष्णदेव आजाद उपविजेता रहे। मेधा कुञ्ज के सचिव एवं विद्यालय के निदेशक सह प्रधानाचार्य ज्ञानेश चौधरी ने विजेता एवं प्रतिभागी बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपने-अपने घरों से फल लाकर ‘फ्रूट डे’ का आयोजन भी किया और एक-दूसरे के साथ फल साझा किए। इस पहल ने बच्चों में आपसी सहयोग, साझेदारी और सामूहिकता की भावना को बढ़ावा दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन मेधा कुञ्ज के सदस्य अनु कुमार दास ने किया, जबकि पूरे आयोजन की देखरेख विद्यालय के सदस्य कमलेश कुमार ने की। अंत में विद्यालय के निदेशक सह प्रधानाचार्य ज्ञानेश चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। गांधी जयंती और शास्त्री जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल औपचारिक समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों को सत्य, अहिंसा, कृतज्ञता, अनुशासन और सादगी जैसे मूल्यों से जोड़ने का सार्थक प्रयास साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *