मधुबनी: सीतेश चौधरी, 04 अक्टूबर 2026। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण तथा जिला प्रशासन मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में जिले के विभिन्न खेल मैदानों में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेल विधाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
प्रतियोगिता में खो-खो, कबड्डी, वालीबाल, फुटबॉल, टेबल टेनिस, कुश्ती, बैडमिंटन, वुशू तथा एथलेटिक्स सहित अनेक खेलों को शामिल किया गया। खो-खो के अंडर-19 बालक और बालिका दोनों वर्गों में +2 उच्च विद्यालय शंभुआड़ ने विजेता का स्थान हासिल किया, जबकि पोल स्टार विद्यालय की टीम उपविजेता रही। कबड्डी के अंडर-19 बालिका वर्ग में एस.बी.जे.जे. +2 उच्च विद्यालय, अरेर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और +2 उच्च विद्यालय, रहिका की टीम दूसरे स्थान पर रही। इसी आयु वर्ग के बालक वर्ग में उच्च विद्यालय जयनगर विजेता तथा एमटीपी झंझारपुर की टीम उपविजेता रही। वालीबाल में अंडर-19 बालक वर्ग का खिताब +2 एसएन उच्च विद्यालय नरपतिनगर ने जीता, जबकि उच्च विद्यालय जयनगर उपविजेता रहा। बालिका वर्ग में यमुनाधर रुंगटा +2 उच्च विद्यालय जयनगर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। फुटबॉल के अंडर-19 बालक वर्ग में डॉन बॉस्को कॉन्वेंट स्कूल झंझारपुर की टीम विजेता बनी।
टेबल टेनिस में भी खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। अंडर-17 बालक वर्ग में आदित्य आनंद ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि आयुष कुमार दूसरे और अंकित शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-19 बालक वर्ग में शौर्य प्रताप प्रथम, सुमन सिंह द्वितीय और शौर्य आरुष तृतीय रहे। अंडर-14 बालक वर्ग में मंदीप गुप्ता ने बाजी मारी, जबकि देवेश कुमार और अमर यादव क्रमशः दूसरे एवं तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में अंडर-14 की विजेता वैष्णवी कुमारी, अंडर-17 की विजेता मानसी कुमारी तथा अंडर-19 की विजेता सृष्टि शोभा रहीं।
कुश्ती प्रतियोगिता में भी अलग-अलग भार वर्गों में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। अंडर-14 बालक वर्ग में 35 किलोग्राम भार वर्ग से आनंद कुमार, 38 किलोग्राम में सौरभ कुमार, 41 किलोग्राम में काशी कुमार, 44 किलोग्राम में आशुतोष कुमार, 48 किलोग्राम में प्रियांशु रंजन, 57 किलोग्राम में पियांशु कुमार, 62 किलोग्राम में अभिराज झा तथा 65 किलोग्राम में विनय कुमार ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में रोहित कुमार, शिवम कुमार, संतोष चौपाल, कुंवर जी, हरेश चौपाल, विक्रांत कुमार शास्त्री तथा मो. इजहान ने विभिन्न भार वर्गों में पहला स्थान हासिल किया। अंडर-19 वर्ग में 57 किलोग्राम में मुरारी कुमार, 60 किलोग्राम में सुमित कुमार और 90 किलोग्राम में प्रिंस झा विजेता रहे।
बैडमिंटन में अंडर-14 बालक वर्ग में हर्ष झा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजवीर गुप्ता द्वितीय और अनुभव कुमार तृतीय रहे। बालिका वर्ग में अपर्णा कुमारी विजेता, श्रेया कुमारी उपविजेता और भवानी कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। अंडर-19 बालक वर्ग में काशीनाथ प्रथम, अमन द्वितीय और अश्मित कुमार तृतीय रहे। इसी आयु वर्ग के बालिका वर्ग में वाणी कुमारी ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि निधि कुमारी और सलोनी कुमारी क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
वुशू प्रतियोगिता में भी विभिन्न भार वर्गों के प्रतिभागियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। अंडर-17 बालक वर्ग में 28 किलोग्राम में जोशबा प्रियदर्शी, 34 किलोग्राम में अली शेर, 40 किलोग्राम में मिन्हाज आलम, 48 किलोग्राम में सुरेश कुमार मंडल, 52 किलोग्राम में अर्जुन कुमार, 56 किलोग्राम में शम्भू कुमार यादव, 60 किलोग्राम में मोहम्मद अली हमजा और 65 किलोग्राम में अदनान अमीर ने प्रथम स्थान हासिल किया। अंडर-19 वर्ग में कृत नारायण, सतीश कुमार साह, रुपेश कुमार मंडल और मंजय कुमार अपने-अपने भार वर्गों में विजेता बने। बालिका वर्ग में भी अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न दौड़, कूद तथा फेंक स्पर्धाओं में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। अंडर-19 बालक वर्ग की 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में आशीष कुमार तथा आशीष कुमार माली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में 100 मीटर में नन्दनी कुमारी और 200 मीटर में पुष्पा कुमारी विजेता रहीं। 400 मीटर में श्रवण कुमार और रंजना कुमारी, जबकि 800 मीटर में मो. अब्दुल कादिर और प्रियंका कुमारी ने अपने-अपने वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया। 1500 मीटर में श्रवण कुमार और रंजना कुमारी तथा 5000 मीटर में अमन दास और अंशु कुमारी प्रथम रहे। लंबी कूद में मो. आसिफ और नन्दनी कुमारी, ऊंची कूद में मो. आसिफ और मनी कुमारी ने बाजी मारी। चक्का, भाला और गोला फेंक जैसी स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
अंडर-19 की रिले दौड़ में भी विद्यालयों की टीमों ने अपनी सामूहिक क्षमता का परिचय दिया। बालक वर्ग की 4×400 मीटर रिले में मो. आशिक, अमन दास, धीरज कुमार और रामकरण दास की टीम प्रथम रही। बालिका वर्ग में लक्ष्मी कुमारी, सोनी कुमारी, प्रियंका कुमारी और सोनिया कुमारी की टीम ने जीत दर्ज की। 4×100 मीटर रिले में बालक वर्ग में गोलू कुमार, लक्ष्मी कुमार, चन्दन कुमार और छोटू कुमार की टीम तथा बालिका वर्ग में नेहा कुमारी, शिवानी कुमारी, अंशु कुमारी और नंदनी कुमारी की टीम विजेता बनी।
अंडर-17 और अंडर-14 एथलेटिक्स में भी कई खिलाड़ियों ने अपनी श्रेष्ठता साबित की। अंडर-17 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में दिव्यांशु रंजन, 200 और 400 मीटर में प्रिंस कुमार, 800 मीटर में विवेक कुमार मंडल तथा 1500 मीटर में सूरज कुमार प्रथम रहे। बालिका वर्ग में 100 और 200 मीटर में ऋषा कुमारी, 400 मीटर में निशा कुमारी, 800 मीटर में शाहनाज खातून तथा 1500 मीटर में रूबी कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। लंबी कूद, ऊंची कूद, चक्का फेंक, भाला फेंक और गोला फेंक में भी अलग-अलग विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
अंडर-14 वर्ग की स्पर्धाओं में 100 मीटर बालक वर्ग में शिव कुमार सदा तथा बालिका वर्ग में राशि कुमारी विजेता बनीं। 200 मीटर में नीरज कुमार सदा और रिक्की पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर में हर्ष यादव और कृतिका कुमारी तथा 600 मीटर में हर्ष यादव और ज्योति कुमारी अपने-अपने वर्ग में विजेता रहे। लंबी कूद में सान्तनु राज, ऊंची कूद में श्रीजीत कुमार और ज्योति कुमारी, चक्का तथा गोला फेंक में अमन ठाकुर और दीपाली कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 की 4×100 मीटर रिले में भी विद्यालय स्तर पर खिलाड़ियों ने शानदार सामूहिक प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयोजन समितियों से जुड़े शिक्षक, खेल प्रशिक्षक और अतिथियों की उपस्थिति रही। आयोजन में खेल शिक्षक सुनील कुमार ठाकुर, वीरेंद्र यादव, रंजीत कुमार, श्रवण कुमार, वसी अख्तर, सर्वेश कुमार, आरती कुमारी, अभिषेक कुमार, कैलाश कुमार, जितेश कुमार, राम नरेश कुमार, सचेंद्र कुमार, ओम प्रकाश, गौतम कुमार, मृत्युंजय कुमार, सोनू कुमार, तनुक लाल, मन्टू कुमार, सन्नी कुमार, अमित कुमार चौधरी, प्रकाश चन्द्र, उमेश कुमार मंडल, रूचि कुमारी और मो. प्रवेज आलम सहित अनेक शिक्षक एवं खेल प्रशिक्षक मौजूद रहे।
जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता ने मधुबनी जिले के विद्यालयों में खेल प्रतिभाओं की व्यापक मौजूदगी को सामने रखा। विभिन्न आयु वर्गों और खेल विधाओं में खिलाड़ियों की भागीदारी से यह स्पष्ट हुआ कि जिले में युवा खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए यह आयोजन आगे की खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर अवसर और आत्मविश्वास का आधार बनने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा सकता है।