दरभंगा: सीतेश चौधरी, 08 अक्टूबर 2026। जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी की संयुक्त अध्यक्षता में सभी थानाध्यक्षों एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक के दौरान जिले की वर्तमान विधि-व्यवस्था की स्थिति, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, संभावित परिस्थितियों तथा उनसे निपटने के लिए आवश्यक निरोधात्मक एवं सुरक्षा उपायों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रशासन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील स्थलों एवं क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को नियमित गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने, स्थानीय स्तर पर आसूचना तंत्र को मजबूत करने तथा किसी भी संदिग्ध अथवा संवेदनशील गतिविधि की तत्काल जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहते हुए छोटी से छोटी सूचना को भी गंभीरता से लेने तथा समय रहते निरोधात्मक कदम उठाने पर जोर दिया गया। बैठक में सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।