Headlines

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव जी का गयाजी आगमन पर डॉ. प्रेम कुमार ने किया स्वागत-अभिनंदन

बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव जी के मोक्ष, ज्ञान एवं मां मंगलागौरी की पावन धरती गयाजी आगमन पर बिहारवासियों की ओर से उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गयाजी की पावन भूमि धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखती है। यह भगवान विष्णु की नगरी होने के साथ-साथ पितरों के मोक्ष एवं सनातन आस्था का प्रमुख केंद्र है। वहीं, बोधगया विश्व को भगवान बुद्ध के शांति, करुणा और ज्ञान के संदेश से जोड़ने वाली पवित्र भूमि है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव जी ने गयाजी प्रवास के दौरान सपरिवार बोधगया मठ एवं विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन के साथ यहां की आध्यात्मिक महत्ता को भी महसूस किया।

श्री मोहन यादव जी ने गयाजी में आगमन के दौरान की गई व्यवस्थाओं को लेकर बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन की सराहना की। उन्होंने व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा प्रशासनिक तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने विधान सभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार जी से महादेव की भूमि उज्जैन आने का आमंत्रण दिया उन्होंने कहा कि धार्मिक महत्ता को देखते हुए गयाजी सहित बिहार के लोग महाकाल उज्जैन आएं ताकि गयाजी एवं उज्जैन का धार्मिक सम्बंध भी बना रहे।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गयाजी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत बिहार की अमूल्य धरोहर है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का स्वागत-सत्कार करना हमारी परंपरा और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा गयाजी की धार्मिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *