टीवीएफ की अगली फिल्म ‘शिव-शक्ति’ की शूटिंग बिहार में होगी। युवाओं को प्रशिक्षण के साथ मिलेगा फिल्म में काम करने का मौका। पंचायत के अगले सीजन का प्रीमियर बिहार में। विभिन्न विभागों के साथ मिलकर प्रदेश स्तर पर युवाओं को फिल्म निर्माण में प्रशिक्षित करने की योजना: प्रणव कुमार, सचिव, कला एवं संस्कृति विभाग। बिहार की कहानी बिहार में शूट होगी, बिहार के स्थानीय लोगों को जॉब ऑन ट्रेनिंग की योजना: अरुणाभ, संस्थापक, द वायरल फीवर
आज दिनांक 24 मार्च 2026 को पटना में कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव-सह-बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के प्रबंध निदेशक श्री प्रणव कुमार(भा.प्र.से.) और फिल्म निगम की महाप्रबंधक श्रीमती रूबी (भा.प्र.से.) एवं प्रोडक्शन हाउस ‘द वायरल फीवर’ (टीवीएफ) संस्थापक अरुणाभ कुमार और टीवीएफ के प्रेसिडेंट विजय कोशी के साथ की बैठक हुई।
टीवीएफ लोकप्रिय वेबसीरीज पंचायत, गुल्लक, कोटा फैक्ट्री, ग्राम चिकित्सालय, एस्पीरेंट, हाफ सीए, सिक्सर, सेना, चंद्रयान, हेल्लो बच्चों आदि की निर्माता है।
श्री प्रणव कुमार ने कहा कि हम बिहार में फिल्म उद्योग के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आगे बढ़कर काम कर रहे हैं और फिल्म निर्माताओं की जरूरत को समझते हुए हर संभव मदद देने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माता राज्य सरकार की स्वामित्व वाली कैरवान का इस्तेमाल वैनिटी वैन के रूप में कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि टीवीएफ के बैनर तले बनी वेबसीरीज की कहानी कहीं न कहीं बिहार से जुड़ी होती हैं, यहां के लोकेशन में विविधता भी है, बिहार से जुड़ी कहानियों की शूटिंग बिहार में होने से यह ज्यादा वास्तविक लगेगा।
उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश शूटिंग के लिए ऐसी व्यवस्था बनाना है, जहां फिल्म निर्माताओं को संसाधन जुटाने से लेकर शूटिंग की अनुमति और अनुदान प्राप्त करने में कोई दिक्कत न हो। बिहार में लगातार फिल्म शूटिंग हो रही है, और अबतक किसी निर्माता को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई परेशानी नहीं हुई है।
श्रीमती रूबी ने विश्वास दिलाया कि टीवीएफ को बिहार में शूटिंग के लिए जो भी जरूरत होगी उसे फिल्म निगम और कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से पूरा करने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार में फिल्म के लिए आधारभूत ढांचा विकसित और उपकरणों की व्यवस्था करने के साथ ही फिल्म निर्माण में दक्ष लोगों और वेंडर का डेटा बेस तैयार किया जा रहा है।
टीवीएफ के संस्थापक अरुणाभ कुमार ने कहा कि वह खुद बिहार से हैं और बिहार को बखूबी समझते हैं, हमारे प्रोडक्शन हाउस की बनी फिल्में कहीं न कहीं बिहार की संस्कृति से प्रभावित रही है, बिहार में फिल्मों और वेबसीरीज की शूटिंग करना अपनी माटी के कर्ज को लौटाने जैसा है। उन्होंने कहा, “बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां के लोगों ने कला, साहित्य और फिल्मों में अपना उल्लेखनीय योगदान दिया है। वह बिहार को अपना अगला शूटिंग डेस्टिनेशन बनाना चाहते हैं।”
उन्होंने अगली फिल्म ‘शिव-शक्ति’ सहित कई प्रोजेक्ट की शूटिंग बिहार में करने की योजना साझा की, जिसके लिए कलाकारों सहित मानव संसाधन की अपस्कीलिंग करने और उन्हें फिल्म में काम देने की बात कही। इससे फिल्म निर्माण की लागत में कमी आने के साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने टीवीएफ की लोकप्रिय वेबसीरीज ‘पंचायत’ का प्रीमियर बिहार में करने की इच्छा जताई है।
अरुणाभ ने कहा कि फिल्म निर्माण में एकेडमिक्स से ज्यादा प्रैक्टिकल नॉलेज जरूरी होता है। उन्होंने ‘जॉब ऑन ट्रेनिंग’ यानी फिल्म में काम करने के दौरान युवाओं को जरूरी प्रशिक्षण देने की बात कही है।
श्री प्रणव कुमार ने कहा कि बिहार में फिल्म की शूटिंग के साथ ही युवाओं को फिल्म निर्माण से जुड़ी ट्रेनिंग मिलने से एक साथ प्रदेश को कई लाभ होगा। जहां प्रदेश में फिल्म की शूटिंग होने से नए रोजगार पैदा होंगे और पर्यटक स्थलों को वैश्विक पहचान मिलेगी, वहीं युवाओं को फिल्म उद्योग के लिए एक कुशल कामगार के तौर पर ट्रेनिंग भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए कला एवं संस्कृति विभाग अन्य विभागों के साथ मिलकर काम करेगा। इसको लेकर जल्द ही ठोस योजना टीवीएफ के साथ बनाई जाएगी।
श्री विजय कोशी ने कहा कि भारत के लोगों के साथ ही गैर-भारतीय हमारी वेबसीरीज को देख रहे हैं, बदलते और बढ़ते हुए भारत की प्रशंसा कर रहे हैं और हमारी संस्कृति से रू-ब-रू हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम असली भारत को परदे पर दिखाने में यकीन रखते हैं, हमारे पास तीन हजार सालों की कहानी की समृद्ध विरासत है, इसलिए हमें पश्चिमी दुनिया से कहानी उधार लेने की जरूरत नहीं है, आने वाले समय में और भी जमीन से जुड़ी प्रेरणादायी कहानियां टीवीएफ की ओर से देखने को मिलेगी। उन्होंने सरकार से बिहार में शूट के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध करवाने की मांग की।