Headlines

केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे से मिले बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार

बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शनिवार को बेंगलुरु स्थित भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की राज्य मंत्री सुश्री शोभा करंदलाजे से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच देश में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के विकास, स्वदेशी उत्पादों के प्रोत्साहन तथा हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प उद्योगों को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र को नई पहचान और मजबूती मिली है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा इस क्षेत्र के विकास, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा छोटे उद्यमियों और कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वदेशी अपनाने के आह्वान का व्यापक प्रभाव पूरे देश में देखने को मिल रहा है। आज देशवासी भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं तथा स्वदेशी वस्तुओं, हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट के उपयोग के प्रति जागरूक हो रहे हैं।

बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत की समृद्ध हस्तशिल्प और हथकरघा परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ लाखों कारीगरों एवं बुनकरों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। स्वदेशी उत्पादों को अपनाने से स्थानीय उद्योगों को मजबूती मिलेगी, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और देश की अर्थव्यवस्था को भी गति प्राप्त होगी।

डॉ. प्रेम कुमार ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा उद्यमियों, युवाओं, महिलाओं तथा पारंपरिक कारीगरों के सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में एमएसएमई क्षेत्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ देश के अंतिम पंक्ति में खड़े छोटे उद्यमियों तक पहुंचाकर भारत को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *