Headlines

बिहार में लोक संस्कृति बनेगी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की आवाज

पटना, 16 सितंबर 2026। ‘विकसित भारत–2047’ के सामूहिक संकल्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं समर्पण से जुड़े ‘सेवा संकल्प अभियान’ को बिहार में व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया जाएगा। इसके तहत कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से ‘सेवा स्मरण’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘25 साल, 25 कहानियाँ–नेशनल अनबॉक्सिंग’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।

अभियान की तैयारियों को लेकर कला एवं संस्कृति विभाग के माननीय मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारियों को संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी कार्यक्रमों की समयबद्ध एवं प्रभावी तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

माननीय मंत्री ने कहा कि बिहार की समृद्ध लोक कला, लोक संगीत एवं लोक नाट्य परंपरा को अभियान से जोड़कर सेवा, समर्पण एवं ‘विकसित भारत–2047’ के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने स्थानीय कलाकारों, सांस्कृतिक दलों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

नुक्कड़ नाटकों से पहुंचेगा संदेश
‘सेवा स्मरण’ के तहत 17 सितंबर से विभिन्न जिलों में संगीतमय प्रस्तुतियों एवं नुक्कड़ नाटकों का आयोजन विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर किया जाएगा। 2 अक्टूबर को पटना, भागलपुर, गया, मुजफ्फरपुर एवं दरभंगा में विशेष मंचन आयोजित होगा। प्रत्येक जिले में लगभग 18–20 नाट्य एवं नुक्कड़ नाट्य टोलियों को अभियान से जोड़ने का निर्देश दिया गया है। विद्यालयों में होने वाली PTM (Parents-Teacher Meeting) के दौरान भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को अभियान से जोड़ा जाएगा।

गांव-गांव पहुंचेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’
जिला, प्रखंड एवं ग्राम स्तर पर जनभागीदारी आधारित ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित की जाएगी। इसमें युवाओं एवं सांस्कृतिक दलों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। यात्रा के समापन स्थल पर जनकल्याणकारी योजनाओं, लाभार्थी संवाद तथा ‘विकसित भारत–2047’ के संकल्प से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

25 उपलब्धियों की कहानी बताएगी ‘नेशनल अनबॉक्सिंग’
‘25 साल, 25 कहानियाँ- नेशनल अनबॉक्सिंग’ के तहत भारत की विकास यात्रा से जुड़ी 25 प्रमुख योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली क्यूरेटेड किट तैयार की जाएगी। किट में योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी के साथ QR Code भी शामिल होंगे और इसे निर्धारित गणमान्य व्यक्तियों तक पहुंचाया जाएगा।

माननीय मंत्री ने कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया, रील्स एवं अन्य डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय सांस्कृतिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों से पूरी प्रतिबद्धता, सक्रियता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *