दियारा वासियों की वर्षों पुरानी मांग जल्द होगी पूरी
पटना। नकटा दियारा नया टोला से पिलर संख्या-16 के बीच एप्रोच रोड/रैंप निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के प्रयास के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पत्र के माध्यम से उन्हें इसकी जानकारी दी है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि दीघा-सोनपुर जेपी सेतु के अपस्ट्रीम में एनएचएआई द्वारा शेरपुर-दिघवारा (NH-131G) खंड के तहत गंगा नदी पर निर्माणाधीन छह लेन पुल में दियारा क्षेत्र को जोड़ने के लिए स्लिप रोड का प्रावधान किया गया है। इसे ग्राम नकटा दियारा से जोड़ने के लिए आवश्यक एप्रोच रोड का निर्माण बिहार सरकार द्वारा कराया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री के पत्र के अनुसार, 7 मई 2025 को मंत्रालय में बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री की मौजूदगी में हुई बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया था। बैठक में तय किया गया कि निर्माणाधीन स्लिप रोड को ग्राम नकटा दियारा से जोड़ने के लिए जरूरी एप्रोच रोड का निर्माण राज्य सरकार करेगी। इस निर्णय को लेकर दियारा क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि अब उन्हें आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
दरअसल, जेपी गंगा गोलंबर पथ पर दियारा विकास संघर्ष समिति के बैनर तले स्थानीय लोग एप्रोच रोड की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे। विशाल धरने में सांसद पप्पू यादव भी शामिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर नकटा दियारा नया टोला को पिलर संख्या-16 के पास बनने वाले पुल से जोड़ने के लिए एप्रोच रोड/रैंप निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी थी। सांसद ने इसे केवल सड़क का मुद्दा नहीं, बल्कि दियारा क्षेत्र के लोगों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, व्यापार और आपातकालीन सेवाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण जनहित का विषय बताया था।
एप्रोच रोड निर्माण को लेकर सांसद पप्पू यादव ने दियारा वासियों की ओर से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दियारा क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। बेहतर संपर्क मार्ग बनने से स्थानीय लोगों को मुख्य सड़क और पुल तक पहुंच आसान होगी तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।