(दरभंगा से सीतेश चौधरी)
दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड के पिण्डारूच गांव में अनादि फाउण्डेशन के तत्वावधान में अनादि खादी एवं ग्रामोद्योग विकास संस्थान द्वारा गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर खादी पुनरुत्थान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीरों पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इसके बाद “वैष्णव जन तो तेने कहिए” वंदना प्रस्तुत कर गांधीजी को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नाबार्ड की जिला विकास पदाधिकारी श्रीमती राजनंदिनी और विशिष्ट अतिथि श्री ललित रंजन दत्ता मौजूद रहे। अध्यक्षता वयोवृद्ध शिवकांत झा ने की। उन्होंने खादी उद्योग के पुनरुद्धार के लिए संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए क्षेत्र की महिलाओं से इसमें सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता नवीन चौधरी एवं मणिकांत चौधरी ने भी विचार रखे। संस्था के संचालक एवं दिल्ली विश्वविद्यालय से अवकाश प्राप्त प्रो. प्रदीप कांत चौधरी ने कहा कि खादी और ग्रामोद्योग के पुनरुत्थान के लिए संस्था हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में खादी को बढ़ावा देने तथा अधिक लोगों को इससे जोड़ने पर जोर दिया। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।