दरभंगा, 3 अक्टूबर। सितेश चौधरी। समाहरणालय स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पचाढ़ी की विद्यालय प्रबंधन समिति एवं विद्यालय साक्षात्कार समिति की बैठक हुई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक स्थिति, उपलब्धियां, आधारभूत संरचना, विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, खेल सुविधाओं तथा अनुशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. चन्द्र सेन के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने विद्यालय की वर्तमान स्थिति से समिति को अवगत कराते हुए स्टेडियम, खेल मैदान तथा मुख्य सड़क से विद्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंचने वाली सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव रखा। विद्यालय में शिक्षकों की स्थायी नियुक्ति, बिजली आपूर्ति को दरभंगा के शहरी फीडर से जोड़ने, नल-जल योजना से विद्यालय को जोड़ने तथा सोलर लाइट और हाई मास्ट लाइट लगाने की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यों के लिए कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण विभाग को आवश्यक प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
बैठक में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और अनुशासन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। विद्यालय में प्रतिदिन एक घंटे के लिए एमबीबीएस चिकित्सक की सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी को पत्र भेजने की स्वीकृति जिलाधिकारी ने दी। उन्होंने विद्यालय परिसर में अनुशासन कायम रखने के साथ विद्यार्थियों की नियमित काउंसलिंग कराने पर जोर दिया। साथ ही अनुशासनहीनता में संलिप्त पाए जाने वाले विद्यार्थियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा जरूरत पड़ने पर निष्कासन की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष सह विद्यालय की सलाहकार समिति की सदस्य श्रीमती रेणु देवी, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री विद्यानंद ठाकुर, कार्यपालक अभियंता श्री रवीन्द्र कुमार रवि, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य श्री ऋषि रमण, अभिभावक प्रतिनिधि श्री गणेश साहु एवं श्रीमती मंजू कुमारी, वरीय शिक्षक डॉ. हेमनाथ झा तथा प्रभारी प्राचार्य डॉ. चन्द्र सेन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अंत में वरीय शिक्षक डॉ. हेमनाथ झा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।