दरभंगा: सीतेश चौधरी, 8 अक्टूबर 2026। सदर अस्पताल गंगवाड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में गुरुवार को द्वितीय चरण की शुरुआत हुई। जिलाधिकारी कौशल कुमार, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत एवं सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नई सेवाओं का शुभारंभ किया। इस चरण में आईपीडी, आपातकालीन सेवा, आईसीयू, २४ घंटे प्रसव सेवा के साथ सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, डेंटल एवं दवा सेवा जैसी सुविधाओं को सक्रिय किया गया है। उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और चिकित्सा कक्षों का निरीक्षण कर मरीजों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में लगाए गए आधुनिक चिकित्सा उपकरणों एवं मशीनों की कार्यप्रणाली के संबंध में चिकित्सकों से जानकारी लेते हुए उन्हें मरीजों के उपचार में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रभारी उपाधीक्षक सह स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुप्रिया नारायण ने बताया कि अस्पताल में उपलब्ध प्रमुख चिकित्सा उपकरण क्रियाशील हैं और उनका उपयोग उपचार व्यवस्था में किया जा रहा है।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि २९ सितंबर को अस्पताल में ओपीडी सेवा शुरू होने के बाद प्रतिदिन लगभग १५० से २०० मरीज स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त कर रहे हैं। अब नई सेवाओं के संचालन से क्षेत्रवासियों को अस्पताल में भर्ती होने, आपातकालीन उपचार, प्रसव तथा विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह तक ऑपरेशन की सुविधा भी शुरू करने के लिए सिविल सर्जन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। हाईवे के निकट स्थित होने के कारण अस्पताल आपातकालीन परिस्थितियों में आसपास के लोगों के लिए त्वरित चिकित्सा सहायता का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है। जिलाधिकारी ने उम्मीद जताई कि अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय मरीजों को अपने क्षेत्र में ही उपचार उपलब्ध होगा और डीएमसीएच पर भी मरीजों का दबाव कम करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने जिलेवासियों से सदर अस्पताल गंगवाड़ा में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का उपयोग करने की अपील की। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।