Headlines

विधान परिषद निर्वाचन की तैयारियों की आयुक्त ने की समीक्षा

दरभंगा: सीतेश चौधरी, 08 अक्टूबर 2026। बिहार विधान परिषद के 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में प्रस्तावित निर्वाचन को लेकर निर्वाची पदाधिकारी सह दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने गुरुवार को संबंधित जिलों के सहायक निर्वाची पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय जिलों में निर्वाचन से जुड़ी अब तक की तैयारियों की जानकारी ली गई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी तैयारियां तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।

समीक्षा के दौरान मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं, मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति एवं प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता, मतपेटिकाओं की व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों समेत अन्य आवश्यक तैयारियों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संचालन से जुड़े प्रत्येक स्तर पर समुचित समन्वय और सतर्कता बनाए रखना आवश्यक है, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो। बैठक में जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार, नगर आयुक्त गरिमा लोहिया, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *