Headlines

टीबी उन्मूलन को जनआंदोलन बनाने की पहल, दरभंगा में JOSH अभियान का शुभारंभ

दरभंगा: सीतेश चौधरी, 08 अक्टूबर 2026। टीबी उन्मूलन अभियान को जनभागीदारी से मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को सदर अस्पताल, दरभंगा के सभागार में जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में JOSH (Joint Squad For Health) के राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने JOSH अभियान का शुभारंभ किया। दरभंगा में आयोजित कार्यक्रम में सिविल सर्जन, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, संचारी रोग पदाधिकारी (यक्ष्मा), सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, विभिन्न प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम एवं लेखा प्रबंधक, डीपीसी, माय भारत के प्रतिनिधि, एनसीसी कैडेट्स के पदाधिकारी, टीबी से उबर चुके लोग, सहयोगी स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के कर्मियों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने टीबी के खिलाफ सामुदायिक जागरूकता बढ़ाने, युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए रोगियों की समय पर पहचान, शीघ्र उपचार, पोषण सहायता और सामाजिक सहयोग को प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर दरभंगा जिले में पूर्व में टीबी मुक्त घोषित चार पंचायतों- सदर प्रखंड के शहबाजपुर, केवटी के बरियौल, हनुमाननगर के पंचोभ तथा सिंहवाड़ा के सढ़वाड़ा के मुखिया एवं पंचायत प्रतिनिधियों को जिला पदाधिकारी द्वारा पाग-चादर, महात्मा गांधी की प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समुदाय, युवाओं, जनप्रतिनिधियों और सहयोगी संस्थाओं के साझा प्रयास से ही इसे जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है। कार्यक्रम का समापन जिले में टीबी मरीजों के निर्बाध उपचार, उचित पोषण एवं सामाजिक सहायता के लिए सामूहिक प्रयासों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ। मौके पर सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, एनसीडीओ सत्येंद्र प्रसाद, डॉ. सुप्रिया नारायण सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *