राष्ट्रीय लोक अदालत व विशेष लोक अदालत को लेकर समीक्षा बैठक
दरभंगा: सीतेश चौधरी, 08 अक्टूबर 2026। आगामी 12 दिसंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत, 21 नवंबर को आयोजित होने वाली चेक बाउंस से संबंधित विशेष लोक अदालत तथा ‘राष्ट्र के लिए मध्यस्थता 3.0’ अभियान की तैयारियों को लेकर एडीआर भवन में समीक्षा बैठक हुई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जुनैद आलम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा की सचिव आरती कुमारी ने की। बैठक में बैंक अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। सीजेएम ने कहा कि परक्राम्य लिखत अधिनियम से जुड़े मामलों, विशेषकर चेक बाउंस के मामलों का निपटारा 21 नवंबर की विशेष लोक अदालत में आपसी सुलह एवं समझौते के आधार पर किया जाएगा। संबंधित पक्षकारों को न्यायालय की ओर से नोटिस भेजे जा रहे हैं। उन्होंने सभी बैंकों को विशेष लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ पक्षकारों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत एवं मध्यस्थता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सचिव आरती कुमारी ने अधिकारियों से समझौते के माध्यम से निपटाए जा सकने वाले मामलों की पहचान कर उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपयुक्त मंच पर भेजने को कहा। उन्होंने चयनित मामलों के पक्षकारों के नाम सहित नोटिस तैयार करने तथा मामलों की सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही अन्य विभागों के अधिकारियों को भी अपने-अपने स्तर पर समझौता योग्य मामलों को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार करने और कार्यालय में जमा करने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जा सके।