Headlines

प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता शुरू हुई: दरभंगा

दरभंगा : सीतेश चौधरी // दरभंगा, 05 अक्टूबर 2026। नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में सोमवार को प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार तथा जिला खेल संघ के सचिव जितेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

उप विकास आयुक्त ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में भारत निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दरभंगा प्रमंडल के प्रतिभावान खिलाड़ी वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों तक पहुंचकर देश का प्रतिनिधित्व करें। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।

प्रतियोगिता में दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। पहले दिन शतरंज, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, कुश्ती, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, कराटे, बॉक्सिंग और भारोत्तोलन सहित कई खेल आयोजित हुए। शतरंज में हर्षवर्धन सिंह, आर्यन कुमार, प्रिंस पासवान, मनीषा यादव, वैष्णवी कुमारी और खुशी कुमारी ने अपने-अपने आयु वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। टेबल टेनिस और वॉलीबॉल में भी दरभंगा एवं मधुबनी के खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कुश्ती के अंडर-17 बालक वर्ग में दरभंगा के आयुष कुमार, पृथ्वीराज, श्रेहाल भारद्वाज, सुधांशु सिंह, अनुभव कुमार झा, सादिक शहजाद और ऊर्जा कुमार ने स्वर्ण पदक जीते।

जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि 6 अक्टूबर को एथलेटिक्स, बास्केटबॉल और खो-खो प्रतियोगिताएं होंगी। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में प्रमंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *