Headlines

सेवा-संवाद-समाधान कार्यक्रम में डीएम ने सुनीं आमजनों की शिकायतें

मधुबनी : सीतेश चौधरी, 05 अक्टूबर 2026। सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत संचालित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्राप्त 18 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, अतिक्रमण, प्रशासनिक अनियमितता और रास्ता अवरुद्ध किए जाने सहित कई समस्याएं रखीं। ठाकुर मुरली मनोहर ट्रस्ट मंदिर के अध्यक्ष नीलेंद्र नाथ चौधरी एवं सचिव अरुण कुमार चौधरी ने मंदिर की जमीन, पोखर, भिंडा, श्मशान घाट समेत अन्य संपत्तियों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की।

वहीं बाबूबरही निवासी शंभू कुमार ने प्रखंड कार्यालय में कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। घोघरडीहा के कई आवेदकों ने बासगीत पर्चे की जमीन पर कब्जा, रैयती भूमि पर निर्माण, मुख्य रास्ते में कचरा-लकड़ी डालकर मार्ग अवरुद्ध करने तथा निजी भूमि पर जबरन शौचालय निर्माण जैसी शिकायतें दर्ज कराईं। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शिकायतों का प्रभावी निष्पादन कर लोगों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर से बचाया जाए।

अधिकारियों ने बताया कि हर महीने के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किया जाता है। इसमें ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निष्पादन किया जाना है। नागरिक घर बैठे RTMS पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *