पटना, 14 मार्च 2026
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा बिहार संगीत नाटक अकादमी, पटना के संयुक्त तत्वाधान में दिनांक 14 मार्च 2026 को प्रातः 6:30 बजे राजधानी वाटिका, पटना में ‘संगीत बिहान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खुले वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत की मधुर धुनों ने सुबह के वातावरण को संगीतमय बना दिया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका नंदिता चक्रवर्ती ने अपनी सुमधुर आवाज़ से शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित श्रोताओं ने अत्यंत सराहा। उनकी प्रस्तुति में तबला पर शशि शंकर मिश्रा तथा कीबोर्ड पर सुभाष मिश्रा ने सधी हुई संगत प्रस्तुत की। कलाकारों के बीच बेहतरीन तालमेल और लयबद्ध प्रस्तुति ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
‘संगीत बिहान’ कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को प्रातःकालीन समय में शास्त्रीय संगीत की सुरमयी परंपरा से जोड़ना तथा संगीत के प्रति रुचि को बढ़ावा देना है। प्रकृति के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने उपस्थित श्रोताओं को एक अनूठा सांस्कृतिक अनुभव प्रदान किया।

इस अवसर पर श्रीमती रूबी, निदेशक, सांस्कृतिक कार्य निदेशालय, श्री महमूद आलम, सचिव, बिहार संगीत नाटक अकादमी, सुश्री कीर्ति आलोक, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी (DACO) तथा विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन लाडली राय द्वारा किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती रूबी, निदेशक, सांस्कृतिक कार्य निदेशालय ने सभी कलाकारों एवं उपस्थित श्रोताओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शास्त्रीय संगीत की परंपरा को समाज के बीच जीवंत बनाए रखते हैं। उन्होंने संस्कृति और शास्त्रीय संगीत की इस सुंदर जुगलबंदी की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन लोगों को कला और संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।