Headlines

रामेश्वरदास पन्नालाल महिला महाविद्यालय में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

पटना, 12 अगस्त 2026: महिला एवं बाल विकास निगम (WCDC), बिहार द्वारा दिनांक 12.08.2026 को रामेश्वरदास पन्नालाल महिला महाविद्यालय में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को साइबर सुरक्षा, महिलाओं के कानूनी अधिकार, स्वास्थ्य एवं पोषण तथा महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, महिलाओं के कानूनी अधिकारों, उपलब्ध कानूनी सहायता एवं संरक्षण संबंधी प्रावधानों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

स्वास्थ्य एवं पोषण के विषय पर छात्राओं को संतुलित आहार, पोषण के महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में उपयोगी जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देते हुए उनके लाभ उठाने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में डॉ. सुमित सौरव, वरीय सलाहकार, WCDC; श्री आकाश कुमार सिंह, प्रोग्राम ऑफिसर, C3; श्री कमलेश राज, प्रोग्राम एसोसिएट, C3; डॉ. राजेश कुमार, Cyber Security Cell; एवं डॉ. खुशबू फातिमा, आहार विशेषज्ञ, IAPEN India, Patna द्वारा विभिन्न विषयों पर छात्राओं को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विशेषज्ञों से संबंधित विषयों पर संवाद करते हुए अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्कता बरतने तथा स्वास्थ्य एवं पोषण को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।

महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्त, जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *